अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ गिरोह का भंड़ाफोड़, दो अफ्रीकी समेत चार गिरफ्तार

Ads

अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ गिरोह का भंड़ाफोड़, दो अफ्रीकी समेत चार गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 31, 2026 / 03:11 PM IST,
    Updated On - March 31, 2026 / 03:11 PM IST

नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंड़ाफोड़ करते हुए दो अफ्रीकी नागरिकों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से एक करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत की कोकीन और एमडीएमए बरामद की है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों की पहचान गीता कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय मोहम्मद हसन, मंडावली इलाके की रजिया, सेनेगल के निवासी 27 वर्षीय डियोफ सोलोमन उर्फ ऑस्कर और लाइबेरिया निवासी 30 वर्षीय बेमाह के तौर पर हुई है।

उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से कुल 120.18 ग्राम कोकीन और 36.86 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ है जिसकी कुल कीमत 1.10 करोड़ रुपये है।

पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजीव कुमार ने बताया कि 25 मार्च को, पूर्वी दिल्ली के स्वापक रोधी दस्ते (एएनएस) ने गुप्त सूचना के आधार पर प्रीत विहार इलाके में जाल बिछा कर स्कूटी सवार हसन को पकड़ लिया था।

उन्होंने बताया कि उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 7.58 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ और उसकी निशानदेही पर 27-28 मार्च की दरमियानी रात को, एएनएस टीम ने दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी जिले में श्रीनिवासपुरी सबवे के पास आउटर रिंग रोड पर जाल बिछाकर सेनेगल के नागरिक डियोफ सोलोमन उर्फ ऑस्कर को गिरफ्तार कर लिया और वह जिस स्कूटी पर सवार था, वह चोरी की थी। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 4.43 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ।

अधिकारी ने बताया कि सोलोमन ने पूछताछ में सहयोग नहीं किया और टीम ने तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के जरिए उसके घर का पता निकाला और अमृत पुरी स्थित उसके घर पर छापा मारा जहां से उसके साथी लाइबेरिया निवासी बेमाह को पकड़ा और दोनों की निशानदेही पर कुल 120.18 ग्राम कोकीन और 15.71 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ।

डीसीपी ने बताया कि हसन से पूछताछ पर मिली जानकारी के आधार पर 29 मार्च को मंडावली इलाके में रजिया नामक महिला के घर पर छापा मारा गया जहां से 9.14 ग्राम एमडीएमए और बरामद हुआ और महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से एक चोरी की स्कूटी समेत दो स्कूटी, वजन तोलने की दो मशीन, छह मोबाइल फोन और दो पासपोर्ट समेत अन्य सामान बरामद हुआ है।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के एनडीपीएस के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

भाषा नोमान नोमान मनीषा

मनीषा