नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) ईरान ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी को अपने दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम विदाई समारोह से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि नकवी इन कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए ईरान जाएंगे या नहीं।
संपर्क किए जाने पर नकवी ने निमंत्रण मिलने की पुष्टि की, लेकिन इस बारे में कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि वह व्यक्तिगत हैसियत से या अपनी पार्टी के प्रतिनिधि के रूप में ईरान की यात्रा करेंगे या नहीं।
ईरान के सर्वोच्च नेता के कार्यालय के अंतरराष्ट्रीय संबंध विभाग के निदेशक मोहसिन कुम्मी ने नकवी को भेजे औपचारिक निमंत्रण पत्र में कहा, ‘‘हमें अत्यंत दुख और गहरे खेद के साथ यह घोषणा करनी पड़ रही है कि इस्लामी क्रांति के नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई की 28 फरवरी, 2026 को शहादत हो गई थी। राष्ट्रीय शोक अवधि और इस्लामी गणराज्य के प्रोटोकॉल के अनुरूप तेहरान में राजकीय अंतिम संस्कार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।’’
कुम्मी ने कहा, ‘‘ईरान और भारत गणराज्य के बीच मौजूद गहरे ऐतिहासिक और रणनीतिक संबंधों को देखते हुए, भारतीय राष्ट्र के एक विशिष्ट अतिथि के रूप में इस गंभीर समारोह में आपको आमंत्रित करना मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है।’’
भाषा हक हक माधव
माधव