नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इस आरोप पर कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने व्यापार सौदे को अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के दबाव में आकर समझौता किया, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को पूछा कि कांग्रेस और विपक्ष के दूसरे दल बताएं कि वे भारतीय हित के पक्ष में हैं या उसके खिलाफ।
संसद भवन परिसर में पत्रकारों के साथ बातचीत में पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि भारत पर अमेरिका द्वारा शुल्क (टैरिफ) लगाए जाने के बाद विपक्ष के कई लोग जश्न मना रहे थे।
मंत्री ने कहा कि भारत द्वारा ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के साथ मुक्त व्यापार समझौता किए जाने के बाद भी विपक्ष के लोगों ने सवाल उठाए थे।
ठाकुर ने कहा, ‘‘यहां सवाल यह उठता है कि विपक्ष और कांग्रेस भारतीय हित के पक्ष में हैं या उसके खिलाफ।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह भारत-विरोधी मानसिकता राहुल गांधी, कांग्रेस और दूसरे विपक्षी नेताओं में साफ दिख रही है, क्योंकि वे संसद को काम भी नहीं करने दे रहे हैं।’’
गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने व्यापार सौदे को अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के दबाव में आकर भारतीय किसानों की कड़ी मेहनत को इस समझौते के जरिये ‘‘नीलाम कर दिया’’ है।
पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण से जुड़ा मुद्दा लोकसभा में उठाने की अनुमति न मिलने के बाद गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा कि नेता प्रतिपक्ष को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बोलने की अनुमति नहीं दी गई है।
गांधी ने कहा, ‘‘हमें यह समझने की ज़रूरत है कि लगभग चार महीने से अटके पड़े व्यापार समझौते को कल शाम अचानक कैसे अंतिम रूप मिल गया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी पर बड़ा दबाव था।’’
यह पूछे जाने पर कि वह किस तरह के दबाव की बात कर रहे हैं, गांधी ने आरोप लगाया कि अमेरिका में उद्योगपति गौतम अदाणी के खिलाफ एक मामला है तथा एपस्टीन फाइलों में और भी बहुत कुछ सामने आने वाला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ‘‘समझौता कर चुके हैं’’ और भारतीय किसानों को यह समझना चाहिए कि उनकी कड़ी मेहनत के ‘‘साथ ही उनका खून-पसीना’’ भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के जरिये ‘‘नीलाम कर दिया गया है’’। उन्होंने यह भी कहा कि पूरा देश ‘‘बेच दिया गया है’’।
भाषा
नेत्रपाल सुरेश
सुरेश