इजराइली, अमेरिकी विमानों के ईरान पर बमबारी के साथ ही युद्ध का दायरा बढ़ाया

Ads

इजराइली, अमेरिकी विमानों के ईरान पर बमबारी के साथ ही युद्ध का दायरा बढ़ाया

  •  
  • Publish Date - March 2, 2026 / 05:11 PM IST,
    Updated On - March 2, 2026 / 05:11 PM IST

दुबई, दो मार्च (एपी) संयुक्त राष्ट्र की परमाणु एजेंसी में ईरान के दूत ने सोमवार को आरोप लगाया कि अमेरिकी-इजराइली हवाई हमलों में ईरान के नतान्ज परमाणु संवर्धन स्थल को निशाना बनाया गया है।

इजराइल और अमेरिका ने परमाणु स्थल पर हुए हमलों की बात को स्वीकार नहीं किया है। इस पर अमेरिका ने जून में ईरान और इजराइल के बीच हुए 12 दिवसीय युद्ध के दौरान बमबारी की थी।

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) में ईरान के राजदूत रजा नजाफी ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ किए गए “गैरकानूनी, आपराधिक और क्रूर” हमलों की कड़ी निंदा की।

उन्होंने कहा, “कल उन्होंने फिर से ईरान की शांतिपूर्ण और सुरक्षित परमाणु सुविधाओं पर हमला किया। उनका यह तर्क कि ईरान परमाणु हथियार विकसित करना चाहता है, सरासर झूठ है।”

जब उनसे पूछा गया कि वे किस परमाणु स्थल का जिक्र कर रहे हैं, तो नजाफी ने जवाब दिया: “नतान्ज़”।

ईरान और ईरान समर्थित मिलिशिया ने इजराइल और अरब देशों पर मिसाइलें दागीं, जिनमें कुवैत में अमेरिकी दूतावास परिसर को निशाना बनाया गया। इजराइल और अमेरिका ने ईरान में लक्ष्यों पर बमबारी की जिससे सोमवार को युद्ध का विस्तार हुआ। इसके साथ ही युद्ध में हताहतों की संख्या भी बढ़ रही है।

ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी के अनुसार, अमेरिका-इजराइल अभियान में ईरान में अब तक कम से कम 555 लोग मारे जा चुके हैं और देश भर के 130 से अधिक शहर हमलों की चपेट में आ चुके हैं। इजराइल के अधिकारियों के अनुसार, इजराइल में ग्यारह लोग मारे गए हैं।

कुवैत सिटी में, अमेरिकी दूतावास परिसर के अंदर से आग और धुआं उठने के साथ ही, देश के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि देश में “कई” अमेरिकी युद्धक विमान भी दुर्घटनाग्रस्त हो गए हैं। मंत्रालय ने दुर्घटनाओं के कारणों या उनमें शामिल विमानों की संख्या के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी, लेकिन कहा कि पायलटों को अस्पताल ले जाया गया है और उनकी हालत स्थिर है। अमेरिकी सेना ने इस मामले पर टिप्पणी के अनुरोध का तुरंत जवाब नहीं दिया।

अमेरिकी सरकार द्वारा वहां मौजूद अमेरिकियों को सुरक्षित स्थान पर जाने और अन्य को दूर रहने की चेतावनी जारी करने के कुछ ही समय बाद दूतावास परिसर पर हमला हुआ। तत्काल किसी प्रकार के नुकसान या हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली।

इसी बीच, अमेरिकी और इजराइली हवाई हमले जारी रहने के दौरान, ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी ने ‘एक्स’ पर संकल्प जताया कि “हम अमेरिका के साथ बातचीत नहीं करेंगे।”

इराक में, ईरान समर्थक मिलिशिया ने बगदाद हवाई अड्डे पर अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाकर किए गए ड्रोन हमले की जिम्मेदारी ली, इससे एक दिन पहले ही उसने उत्तर में इरबिल शहर में एक अमेरिकी अड्डे पर गोलीबारी करने की बात कही थी, और साइप्रस ने कहा कि एक ड्रोन हमले में भूमध्यसागरीय द्वीप राष्ट्र में एक ब्रिटिश अड्डे को निशाना बनाया गया था।

इजराइल और अमेरिका ने ईरानी मिसाइल ठिकानों पर बमबारी की और उसकी नौसेना को निशाना बनाया, और दावा किया कि उन्होंने उसके मुख्यालय और कई युद्धपोतों को नष्ट कर दिया है।

ईरान ने अब क्षेत्रीय तेल अवसंरचनाओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। सऊदी अरब की सरकारी स्वामित्व वाली तेल कंपनी अरामको ने ईरानी ड्रोन हमलों के बाद सोमवार को दम्माम के समीप अपनी रास तानूरा तेल रिफाइनरी को अस्थायी रूप से बंद कर दिया।

सऊदी अरब के सरकारी टेलीविजन ने एक ‘‘आधिकारिक सूत्र’’ का हवाला देते हुए इस फैसले की जानकारी दी। इसमें यह भी बताया गया कि हमले से कोई हताहत नहीं हुआ और यह फैसला एहतियाती तौर पर लिया गया है।

इस रिफाइनरी की प्रतिदिन पांच लाख बैरल से अधिक कच्चे तेल के प्रसंस्करण की क्षमता है।

इससे पहले दिन में, कुवैत की सरकारी समाचार एजेंसी केयूएनए के अनुसार, ड्रोन को मार गिराए जाने के बाद कुवैत की अहमदी तेल रिफाइनरी पर मलबा गिर गया, जिससे दो कर्मचारी घायल हो गए।

ईरान पहले से ही होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही को लेकर धमकी दे रहा है। यह जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी का संकरा मुहाना है जिससे होकर तेल व्यापार का पांचवां हिस्सा गुजरता है। वहां कई जहाजों पर हमले भी हो चुके हैं।

लेबनानी चरमपंथी संगठन हिजबुल्ला ने सोमवार को सीमा पार इजराइल की ओर मिसाइलें दागीं जिसके बाद इजराइल की तरफ से पलटवार किया गया।

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि हिजबुल्ला के इजराइल पर हमले के बाद लेबनान में इजराइली हवाई हमलों में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई जबकि 149 अन्य घायल हो गये।

एपी

प्रशांत माधव

माधव