युवाओं को नशे से बचाना जरूरी है: हरियाणा मुख्यमंत्री

Ads

युवाओं को नशे से बचाना जरूरी है: हरियाणा मुख्यमंत्री

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 06:24 PM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 06:24 PM IST

फरीदाबाद, 27 सितंबर (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कहा कि युवाओं को नशे से बचाना और उनकी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाना जरूरी है।

एक अधिकारी ने बताया कि सैनी ने सूरजकुंड से ‘नशा मुक्त हरियाणा फरीदाबाद नमो मैराथन-2026’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन में 1.35 लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।

प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए सैनी ने कहा, ‘‘ फरीदाबाद की भूमि से आज नमो मैराथन के माध्यम से नशे के खिलाफ एक बुलंद आवाज उठी है।’’

उन्होंने कहा कि मैराथन में उठाए गए कदम सिर्फ सड़कों पर दौड़ने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नशे के खिलाफ हरियाणा की सामूहिक चेतना और संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश भी दे रहे हैं।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मैराथन के लिए 1.35 लाख से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया था और लगभग सभी प्रतिभागी इसमें शामिल होने के लिए आयोजन स्थल पहुंचे। प्रतिभागियों ने 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और पांच किलोमीटर की विभिन्न श्रेणियों में दौड़ लगाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की पहचान कड़ी मेहनत, पदक और वीरता से होती है। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा नशे के लिए नहीं बल्कि अपनी मेहनत, प्रतिभा और लक्ष्यों के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते हैं।

उन्होंने युवाओं से नशे को दृढ़ता से ‘ना’ कहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान सैनी ने बड़ी संख्या में मौजूद प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की शपथ दिलाई।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश

ताजा खबर