मणिपुर में लोगों से हथियार वापस लेना अत्यंत आवश्यक : मुख्यमंत्री
मणिपुर में लोगों से हथियार वापस लेना अत्यंत आवश्यक : मुख्यमंत्री
(फाइल फोटो के साथ)
इंफाल, 20 मई (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने बुधवार को कहा कि राज्य के सभी हिस्सों में लोगों से हथियार वापस लेना अत्यंत आवश्यक है।
एक सरकारी बयान के अनुसार सिंह ने यह टिप्पणी उखरुल जिले के सिनाकेइथेई गांव से आये तंगखुल नगा समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल से भेंट के दौरान की। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री से गांव में पुलिस तैनात करने की अपील की।
प्रतिनिधिमंडल के साथ, सत्तारूढ़ भाजपा के सहयोगी दल नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) के उखरुल विधायक राम मुइवा भी थे।
ग्रामीणों ने इलाके में उचित सुरक्षा, सिनाकेइथेई थाने में पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती और उप-संभागीय अधिकारी (एसडीसी) कार्यालय के सुचारू संचालन की मांग की।
इस साल फरवरी से कुकी और तंगखुल नगाओं के बीच हुई झड़पों के बाद सिनाकेइथेई में गोलीबारी की कई घटनाएं हुई हैं।
उनकी मांगों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से कहा कि ‘‘राज्य के सभी हिस्सों में लोगों से हथियार वापस लेना अत्यंत आवश्यक है और शांति ही एकमात्र समाधान है, मणिपुर के पास कोई अन्य विकल्प नहीं है।’’
सिंह ने कहा कि सभी समुदायों के नेताओं को युवाओं को हिंसा का मार्ग त्यागने और राज्य में शांति की खातिर काम करने के लिए प्रेरित करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को हुनर का प्रशिक्षण प्रदान कर गैर-सरकारी क्षेत्रों में रोजगार सृजित करने पर जोर दे रही है।
मई 2023 से मणिपुर में जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।
भाषा राजकुमार अविनाश
अविनाश

Facebook


