आईटीबीपी ने सिक्किम में तैनात जवानों के लिए सांस्कृतिक परिचय कार्यक्रम शुरू किया
आईटीबीपी ने सिक्किम में तैनात जवानों के लिए सांस्कृतिक परिचय कार्यक्रम शुरू किया
गंगटोक, दो जून (भाषा) भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने सिक्किम में तैनात अपने जवानों के लिए राज्य की भाषा, संस्कृति और परंपराओं पर पांच दिवसीय एक परिचय कार्यक्रम शुरू किया है।
13वीं बटालियन आईटीबीपी मुख्यालय में सोमवार को इस कार्यक्रम का उद्घाटन हुआ जिसमें आईटीबीपी सेक्टर मुख्यालय, गंगटोक के उप महानिरीक्षक संजीव कुमार सिंह मौजूद थे।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 11वीं, 13वीं, 48वीं और 63वीं बटालियन के 40 जवान सिक्किम सरकार के संस्कृति विभाग के विशेषज्ञों द्वारा संचालित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं।
बयान में कहा गया कि यह पहल आईटीबीपी के जवानों को राज्य की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय भाषाओं, रीति-रिवाजों, पारंपरिक व्यंजनों और पहनावे से परिचित कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है ताकि वे अपनी ड्यूटी के दौरान स्थानीय समुदायों के साथ बेहतर तालमेल बना सकें।
इसमें प्रतिभागियों को सिक्किम के तीन प्रमुख समुदायों — लेप्चा, भूटिया और नेपाली के इतिहास, भाषाई विविधता और जीवनशैली की जानकारी दी जाएगी।
उद्घाटन समारोह में 13वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील कांडपाल और आईटीबीपी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
भाषा
खारी मनीषा
मनीषा

Facebook


