जम्मू कश्मीर में जैश के ‘इजराइल ग्रुप’ को डेढ़ साल के अभियान के बाद खत्म कर दिया गया: अधिकारी

Ads

जम्मू कश्मीर में जैश के ‘इजराइल ग्रुप’ को डेढ़ साल के अभियान के बाद खत्म कर दिया गया: अधिकारी

  •  
  • Publish Date - February 23, 2026 / 04:30 PM IST,
    Updated On - February 23, 2026 / 04:30 PM IST

जम्मू, 23 फरवरी (भाषा) जम्मू जोन के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन टूटी ने सोमवार को कहा कि सुरक्षाबलों ने एक संयुक्त अभियान में जैश-ए-मोहम्मद के सात सदस्यों वाले आतंकी मॉड्यूल ‘इजराइल ग्रुप’ को समाप्त कर दिया है और इस तरह जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ इलाके में डेढ़ साल पहले शुरू हुआ अभियान खत्म हो गया।

रविवार को किश्तवाड़ जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में इस मॉड्यूल के तीन सदस्य मारे गए, जिनमें उसका स्वघोषित कमांडर सैफुल्लाह भी शामिल था।

पुलिस अधिकारी ने किश्तवाड़ में संवाददाताओं से कहा, ‘‘जैश-ए-मोहम्मद के सात आतंकवादियों के एक समूह ने अप्रैल 2024 में भारतीय इलाके में घुसपैठ की थी। तब से, यह समूह 17 अलग-अलग मौकों पर आतंकी गतिविधियों शामिल रहा है। पिछले डेढ़ साल में, हमने उन सभी को सफलतापूर्वक मार गिराया है। डेढ़ साल लंबा चला अभियान रविवार को खत्म हो गया।’’

मॉड्यूल को ‘‘कट्टर आतंकी समूह’’ बताते हुए उन्होंने कहा, ‘‘समूह को इजराइल ग्रुप के नाम से जाना जाता था। इसने सुरक्षाबलों को काफी नुकसान पहुंचाया और आम लोगों को भी नुकसान पहुंचाया।’’

टूटी ने कहा कि सटीक खुफिया जानकारी पर कार्रवाई करते हुए, सैफुल्लाह समेत समूह के आखिरी तीन सदस्यों को किश्तवाड़ के छात्रू इलाके में मार गिराया गया।

पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘यह अभियान जारी रहेगा। आने वाले समय में, हमें और सफल अभियानों की उम्मीद है। यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक पूरा आतंकी नेटवर्क पूरी तरह से खत्म नहीं हो जाता।’’

इस बीच, ‘काउंटर-इंसर्जेंसी फोर्स डेल्टा’ के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी), मेजर जनरल एपीएस बल ने देश विरोधी तत्वों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वे जहां भी होंगे, उनकी पहचान की जाएगी और उन्हें खत्म कर दिया जाएगा।

उन्होंने किश्तवाड़ में संवाददाताओं से कहा, ‘‘देश विरोधी तत्वों के लिए मेरा साफ संदेश है — जो कोई भी देश का दुश्मन है, चाहे वह कहीं भी हो और किसी भी रूप में हो, उसकी पहचान की जाएगी, उसे निशाना बनाया जाएगा और मार गिराया जाएगा।’’

अधिकारी ने कहा, ‘‘आवाम से, मैं कहना चाहता हूं कि चाहे चुनौतियां कितनी भी बड़ी क्यों न हों, हमारी हिम्मत कभी कम नहीं होगी। हमने जो कुछ भी हासिल किया है, वह इस इलाके के हर एक व्यक्ति के समर्थन की वजह से मुमकिन हुआ है।’’

मेजर जनरल बल ने सेना के प्रशिक्षित श्वान टायसन का भी खास जिक्र किया, जो आतंकवादियों की गोलीबारी में घायल हो गया था। टायसन को एक झोपड़ी के अंदर आतंकवादियों की मौजूदगी का पता लगाने के लिए तैनात किया गया था।

उन्होंने कहा, ‘‘घायल जर्मन शेफर्ड, जिसने सबसे पहले आतंकवादी ठिकाने पर धावा बोला था और गोली लगने से घायल हो गया था, उसे तुरंत इलाज के लिए हवाई मार्ग से भेजा गया और अब वह सुरक्षित है।’’

भाषा वैभव नेत्रपाल

नेत्रपाल

शीर्ष 5 समाचार