जैश-ए-मोहम्मद आतंकी मॉड्यूल : गुजरात एटीएस ने पाटन से पांच लोगों को गिरफ्तार किया

Ads

जैश-ए-मोहम्मद आतंकी मॉड्यूल : गुजरात एटीएस ने पाटन से पांच लोगों को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 12:54 AM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 12:54 AM IST

मेहसाणा, 16 जुलाई (भाषा) गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के एक आतंकवादी मॉड्यूल की जांच के सिलसिले में बृहस्पतिवार को पांच लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

गिरफ्तार लोगों की पहचान बिलाल आबिदभाई शेरा, मोहम्मद अयूब कड़ीवाला, मोहम्मद पालनपुरी उर्फ खली अयूब सुनसारा, शफिया रईस मुख्ती और मोहम्मद हसन करदिया के रूप में हुई है। उन्हें पाटन जिले के सिद्धपुर तालुका के खडियाल गांव से पकड़ा गया।

अधिकारियों ने बताया कि इस महीने की शुरुआत में गिरफ्तार किए गए जैश-ए-मोहम्मद के आठ कथित सदस्यों से पूछताछ के दौरान इन पांच लोगों के नाम सामने आए थे जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।

पांचों आरोपियों को मेहसाणा जिले के कड़ी कस्बे में न्यायिक मजिस्ट्रेट आर. एम. भाटिया की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 24 जुलाई तक एटीएस की हिरासत में भेज दिया।

लोक अभियोजक पी. आर. दंतानी ने बताया कि एटीएस ने अदालत से आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की अनुमति मांगी थी। एटीएस ने अदालत को बताया कि आरोपियों में से एक ने ‘टाइम बम’ बनाने की कोशिश की थी और बम बनाने की सामग्री तथा जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा उर्दू साहित्य अभी बरामद किया जाना बाकी है।

गुजरात एटीएस ने गुजरात और उससे सटे मध्यप्रदेश के विभिन्न इलाकों से जैश-ए-मोहम्मद के आठ कथित सदस्यों को तीन जुलाई को गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने कहा था कि आरोपी गुजरात में सक्रिय आतंकवादी नेटवर्क स्थापित करने की कोशिश कर रहे थे।

भाषा

सिम्मी संतोष

संतोष