जयशंकर ने लावरोव को भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर भारत की चिंता से अवगत कराया
जयशंकर ने लावरोव को भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर भारत की चिंता से अवगत कराया
नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव को काला सागर क्षेत्र में नाविकों की सुरक्षा को लेकर भारत की चिंताओं से अवगत कराया। उन्होंने यूक्रेन के तट के निकट एक वाणिज्यिक जहाज पर रूस के हवाई हमले में चालक दल के चार भारतीय सदस्यों की मौत की पृष्ठभूमि में यह कदम उठाया।
जयशंकर और लावरोव ने फिलीपीन की राजधानी मनीला में दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों के संगठन (आसियान) की सालाना बैठक से इतर हुई बातचीत में व्यापार, निवेश और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की।
यह बातचीत भारत की ओर से रूस के दूतावास प्रभारी व्लादिमीर लादानोव को तलब कर यूक्रेन के तट के निकट गिनी-बिसाऊ के ध्वज वाले वाणिज्यिक जहाज पर रूसी हमले को लेकर “गहरी चिंता” जताए जाने और इस कार्रवाई की “स्पष्ट शब्दों में निंदा” किए जाने के एक दिन बाद हुई।
रूसी हमले में जहाज पर सवार 10 लोग मारे गए थे, जिनमें चालक दल के चार भारतीय सदस्य भी शामिल हैं।
भारत ने लादानोव से दो टूक कहा था कि इस तरह के हमले “अस्वीकार्य” हैं और इनसे बचा जाना चाहिए।
चार साल से अधिक समय से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध में यह भारतीय नाविकों के किसी हमले में मारे जाने की पहली घटना है।
जयशंकर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ हमारे द्विपक्षीय संबंधों की विस्तृत समीक्षा की।”
उन्होंने कहा, “क्षेत्र में भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर हमारी चिंता दोहराई। हमारी साझेदारी के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की, जिनमें व्यापार और निवेश, ऊर्जा और संपर्क, विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा परिवहन शामिल हैं।”
जयशंकर ने कहा कि दोनों पक्षों ने यूक्रेन संघर्ष और पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
भारत बातचीत और कूटनीति के जरिये यूक्रेन संघर्ष को सुलझाने पर जोर देता रहा है।
भाषा पारुल देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


