जल जीवन मिशन घोटाला : सेवानिवृत्त आईएएस समेत चार की तलाश में 40 टीमें जुटीं

Ads

जल जीवन मिशन घोटाला : सेवानिवृत्त आईएएस समेत चार की तलाश में 40 टीमें जुटीं

  •  
  • Publish Date - March 4, 2026 / 09:09 PM IST,
    Updated On - March 4, 2026 / 09:09 PM IST

जयपुर, चार मार्च (भाषा) राजस्थान के बहुचर्चित जल जीवन मिशन घोटाला मामले में सेवानिवृत्त आईएएस सुबोध अग्रवाल समेत चार आरोपियों की तलाश में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की कई टीम जुटी हुई हैं। एसीबी के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 17 फरवरी से चार मार्च तक 16 दिनों में 40 टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।

अधिकारी ने बताया कि जांच दल अब तक जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, बाड़मेर, कोटा, नागौर, नयी दिल्ली, चंडीगढ़, फरीदाबाद, नोएडा, मेरठ, प्रयागराज, बुलंदशहर और मुंबई समेत करीब 21 शहरों में 100 से अधिक ठिकानों पर दबिश दे चुका है।

उन्होंने बताया कि नयी दिल्ली की न्यू मोती बाग और डिफेंस कॉलोनी, फरीदाबाद सेक्टर-39, सोहना, नोएडा तथा मुंबई के मालाबार हिल और जुहू स्थित ठिकानों की तलाशी ली गई।

उन्होंने बताया कि जयपुर में सी-स्कीम, निर्माण नगर, बजाज नगर विस्तार और आस-पास के सिवाड़, बगरू, बिन्दायका स्थित फार्महाउस भी खंगाले गए हैं।

अधिकारी ने बताया कि इस दौरान करीब 50 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है, जिनमें आरोपियों के रिश्तेदार, मित्र, चालक और संभावित आश्रयदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पांच शहरों से लिए गए कई सीसीटीवी फुटेज का तकनीकी विश्लेषण भी किया जा रहा है।

अधिकारी ने बताया कि एसीबी की टीम ने सेवानिवृत्त आईएएस सुबोध अग्रवाल की तलाश में दिल्ली, मुंबई, नोएडा और फरीदाबाद से सहयोग देने वाले चार लोगों को जयपुर लाकर पूछताछ की।

एसीबी को आरोपी सुबोध अग्रवाल के साथ अधीक्षण अभियंता जितेन्द्र शर्मा तथा अन्य आरोपियों मुकेश गोयल और संजीव गुप्ता की तलाश है।

भाषा बाकोलिया शफीक

शफीक