जामिया ने पहली बार पाठ्यक्रम में स्वयम पाठ्यक्रमों को किया शामिल

Ads

जामिया ने पहली बार पाठ्यक्रम में स्वयम पाठ्यक्रमों को किया शामिल

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 08:46 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 08:46 PM IST

नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने नयी शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के अनुरूप पहली बार ‘स्वयम’ (स्टडी वेब्स ऑफ एक्टिव-लर्निंग फॉर यंग एस्पायरिंग माइंड्स) पाठ्यक्रमों को अपने शैक्षणिक पाठ्यक्रम और परीक्षा प्रणाली में शामिल किया है। विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि विश्वविद्यालय ने रिकॉर्ड समय में 280 से अधिक शैक्षणिक पाठ्यक्रमों की सेमेस्टर परीक्षाएं और प्रवेश परीक्षाएं भी पूरी कर ली हैं।

विश्वविद्यालय के अनुसार, नयी शिक्षा नीति के तहत बहु-प्रवेश प्रावधानों को लागू करने के साथ-साथ ‘स्वयम’ पाठ्यक्रमों का समावेश प्रमुख शैक्षणिक सुधारों में शामिल है।

विश्वविद्यालय ने बताया कि 280 से अधिक स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों की सेमेस्टर परीक्षाएं दो मई से 25 मई के बीच आयोजित की गईं, जिनमें लगभग 20,000 विद्यार्थी शामिल हुए।

परीक्षा नियंत्रक कार्यालय ने छात्रों और शिक्षकों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी कर उत्तर पुस्तिकाओं के समयबद्ध मूल्यांकन और जमा करने की व्यवस्था सुनिश्चित की, जिसके बाद लगभग 800 परीक्षा परिणाम निर्धारित समयसीमा के भीतर घोषित किए गए।

विश्वविद्यालय के अनुसार, समय पर परिणाम घोषित होने तथा ग्रेड शीट और अनंतिम डिग्री जारी किए जाने से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और रोजगार के लिए बिना किसी देरी के आवेदन करने में सुविधा मिली।

विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 280 से अधिक पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाएं भी पूरी कर ली हैं। इसके अलावा पीएचडी कार्यक्रमों तथा रेजिडेंशियल कोचिंग अकादमी के सिविल सेवा कोचिंग कार्यक्रम की प्रवेश परीक्षाएं भी आयोजित की गईं।

विश्वविद्यालय को स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए एक लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।

प्रवेश परीक्षाएं दिल्ली, लखनऊ, पटना, श्रीनगर, जम्मू, जयपुर, गुवाहाटी, कोलकाता, मुंबई, भोपाल, देहरादून, बेंगलुरु, हैदराबाद और रांची सहित 16 शहरों में आयोजित की गईं।

अधिकारियों ने बताया कि 25 पाठ्यक्रमों में प्रवेश सीयूईटी-यूजी के अंकों के आधार पर होगा, जबकि बीटेक और बीआर्क में प्रवेश क्रमशः जेईई (मेन)-2026 और नाटा-2026 की रैंकिंग के आधार पर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि एकीकृत शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम (आईटीईपी-बीएड) में प्रवेश एनसीईटी-2026 के आधार पर होगा। विश्वविद्यालय ने कहा कि प्रवेश परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

जामिया ने अपनी स्कूल शाखाओं में कक्षा छह, नौ और ग्यारह में प्रवेश के लिए भी पांच शहरों में परीक्षाएं आयोजित कीं, जिनके लिए 53,500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।

परीक्षा नियंत्रक एहतेशामुल हक ने कहा कि सूक्ष्म योजना और संसाधनों के बेहतर उपयोग के कारण विश्वविद्यालय लगभग एक साथ सेमेस्टर परीक्षाएं और प्रवेश परीक्षाएं आयोजित करने में सफल रहा।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष फर्जी अभ्यर्थियों और अन्य अनुचित गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सभी प्रवेश परीक्षा केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर लगाने सहित अतिरिक्त सुरक्षा उपाय भी किए गए।

कुलपति मजहर आसिफ ने कहा कि परीक्षाओं, प्रवेश प्रक्रिया और परिणामों को समय पर पूरा करने से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक योजना और भविष्य के विकास को महत्वपूर्ण बल मिलेगा।

भाषा रवि कांत रवि कांत माधव

माधव