जम्मू, तीन अगस्त (भाषा) जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में तीन महिलाओं और सात बच्चों सहित बांग्लादेश के कम से कम 21 संदिग्ध नागरिकों को हिरासत में लिया गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, यह समूह दो वाहनों में सवार होकर जम्मू से कश्मीर की ओर जा रहा था।
रविवार को रामबन में नियमित जांच के दौरान एक जांच चौकी पर वाहनों को रोका गया।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान ये लोग देश में अपने प्रवास को साबित करने के लिए कोई वैध पहचान पत्र या यात्रा संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
अधिकारियों ने बताया कि मौके पर प्रारंभिक पूछताछ के बाद सभी 21 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने भेज दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, हिरासत में लिये गए लोगों के बांग्लादेश से अवैध रूप से भारत आए होने का संदेह है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि वे असम के रास्ते भारत में दाखिल हुए और ट्रेन से जम्मू पहुंचे थे।
अधिकारियों ने बताया कि यह समूह कथित तौर पर काम की तलाश में कश्मीर घाटी जा रहा था।
उन्होंने बताया कि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इन लोगों की आवाजाही में किसी स्थानीय या अंतरराज्यीय नेटवर्क ने मदद की थी, जो अवैध प्रवासियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का काम करता है।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश