जम्मू, 19 फरवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष ने पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के विधायक वहीद उर रहमान पर्रा द्वारा पेश निजी संकल्प को स्वीकार कर लिया जिसमें अल्पसंख्यकों के खिलाफ घृणा अपराध की कड़ी निंदा की गई है और कानून को सख्ती से लागू करने का आह्वान किया गया है।
पुलवामा से पीडीपी विधायक ने देश के विभिन्न हिस्सों में कश्मीरी छात्रों और व्यापारियों पर कथित लक्षित हमलों एवं उत्पीड़न की बढ़ती घटनाओं के बीच यह संकल्प पेश किया।
विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर विधानसभा में कामकाज से संबंधित नियमावली के नियम 179 के तहत संकल्प को स्वीकार कर लिया गया है।
इस संकल्प में ‘‘अल्पसंख्यकों के खिलाफ सभी प्रकार के घृणा अपराधों की कड़ी निंदा की गई है और भारत सरकार तथा राज्य सरकारों से ऐसे अपराधों को रोकने, उनकी जांच करने और आरोपियों पर मुकदमा चलाने के लिए तत्काल एवं प्रभावी उपाय करने तथा कानून का कड़ाई से पालन करने का आह्वान किया गया है’’।
हाल के हफ्तों में विभिन्न राज्यों में कश्मीरी छात्रों और व्यापारियों पर कथित हमलों और धमकियों की घटनाओं ने सियासी पारा चढ़ा दिया है। कई पक्षों ने मजबूत सुरक्षा उपाय करने और जवाबदेही तय करने की मांग की है।
भाषा धीरज नेत्रपाल
नेत्रपाल