जम्मू, 15 फरवरी (भाषा) सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने खराब मौसम की स्थिति के बीच रविवार को त्वरित और समन्वित अभियान चलाकर रणनीतिक भद्रवाह-बानी-बसौली राष्ट्रीय राजमार्ग को फिर से खोल दिया, जिससे जम्मू कश्मीर के डोडा और कठुआ जिलों के बीच संपर्क बहाल हो गया। एक रक्षा प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
प्रवक्ता ने कहा कि चटरगला दर्रे पर हाल ही में हुए भारी हिमपात से 65 किलोमीटर लंबे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गयी थी, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों के बीच का महत्वपूर्ण संपर्क अस्थायी रूप से टूट गया था।
उन्होंने कहा कि परिचालन तत्परता और हर मौसम में संपर्क बनाए रखने की प्रतिबद्धता का प्रदर्शन करते हुए बीआरओ की परियोजना संपर्क के तहत 35 सीमा सड़क कार्यबल (बीआरटीएफ) की 69 और 118 सड़क निर्माण कंपनी (आरसीसी) ने आशापति ग्लेशियर और माउंट कैलाश की तलहटी के पास के चुनौतीपूर्ण इलाकों में बर्फ हटाने का अभियान शुरू किया।
प्रवक्ता ने बताया कि भारी बर्फबारी, शून्य से नीचे तापमान और कठिन कार्य परिस्थितियों के बावजूद, टीम ने सामान्य मौसमी समय-सारिणी से काफी पहले यातायात बहाल करने के लिए चौबीस घंटे मानवबल और मशीनरी तैनात रखी।
प्रवक्ता ने कहा कि सड़क के समय से यातायात के लिए खुल जाने से कॉरिडोर पर सामान्य आवागमन फिर से शुरू हो गया है।
भाषा शुभम अमित
अमित