बनिहाल/जम्मू, छह जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में गत सप्ताह 15 दिन की ग्रीष्मकालीन अवकाश के आखिरी कार्य दिवस सातवीं कक्षा के एक छात्र को गलती से स्कूल में ही बंद कर जाने के मामले पर संज्ञान लेते हुए विद्यालय के सभी नौ कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि छात्र कक्षा में सो गया था और कर्मियों ने कक्षा की तलाशी लिये बिना कमरा बंद कर दिया था। चार घंटे से भी ज्यादा समय बाद, जब एक राहगीर ने मदद के लिए लड़के की पुकार सुनी, तो उसे बचाया गया। उस राहगीर ने उसे बंद कक्षा से बाहर निकाला और घटना का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि घटना का संज्ञान लेते हुए रामबन के मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) ने बनिहाल ज़ोन के राजकीय माध्यमिक स्कूल, कड़वाह में कार्यरत सभी कर्मियों को निलंबित कर दिया और तीन सदस्यों वाली एक समिति को जांच की जिम्मेदारी दी।
सीईओ द्वारा जारी एक आदेश के मुताबिक, यह घटना चार जुलाई, 2026 को हुई थी, और छात्र स्कूल समय के बाद रात करीब आठ बजे स्कूल की इमारत में बंद मिला था।
आदेश में इस घटना को छात्रों की सुरक्षा और देखरेख के लिए ज़िम्मेदार अधिकारियों की घोर लापरवाही और कर्तव्य में खामी बताया गया। इसमें कहा गया कि इस चूक से बच्चे की जान और सुरक्षा को खतरा हो सकता था।
आदेश में कहा गया कि जांच के नतीजे आने तक, बनिहाल जोन के राजकीय माध्यमिक स्कूल, कड़वाह के सभी कर्मचारियों को जम्मू-कश्मीर सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण और अपील) नियम, 1956 के नियम 31 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
सीईओ के मुताबिक, कर्मचारी अगले आदेश तक हालांकि स्कूल में तैनात रहेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि स्कूल में एक प्रधानाध्यापक सहित छह अध्यापक और तीन सहायक कर्मी तैनात हैं।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश