जम्मू-कश्मीरः किश्तवाड़ के लिए पांच जुलाई तक भारी बारिश, भूस्खलन को लेकर मौसम परामर्श जारी

Ads

जम्मू-कश्मीरः किश्तवाड़ के लिए पांच जुलाई तक भारी बारिश, भूस्खलन को लेकर मौसम परामर्श जारी

  •  
  • Publish Date - July 2, 2026 / 03:13 PM IST,
    Updated On - July 2, 2026 / 03:13 PM IST

जम्मू, दो जुलाई (भाषा) किश्तवाड़ जिला प्रशासन ने बृहस्पतिवार को मौसम परामर्श जारी करते हुए रविवार तक क्षेत्र में भारी बारिश, बिजली गरजने, अचानक बाढ़ आने और भूस्खलन होने का अनुमान जताया है।

परामर्श में लोगों, विशेष रूप से नदी तट के निकट रहने वालों को सतर्कता बरतने और संवेदनशील इलाकों में जाने से बचने का आग्रह किया गया है।

किश्तवाड़ के उपायुक्त कार्यालय की ओर से जारी परामर्श के अनुसार, जिले में सामान्यतः बादल छाए रहने, कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

परामर्श के अनुसार कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा, कम समय में तेज बारिश तथा तेज़ हवाएं भी चल सकती हैं।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि मौजूदा मौसमी परिस्थितियों के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में अचानक बाढ़, भूस्खलन और मिट्टी धंसने की घटनाएं हो सकती हैं।

परामर्श में विशेष रूप से जलाशयों, नदियों, नालों और खड्डों के आसपास रहने वाले लोगों को इन स्थानों से दूर रहने तथा मौसम सामान्य होने तक सभी आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश