पणजी, दो जुलाई (भाषा) उत्तरी गोवा जिले में पुलिस ने मानव तस्करी रोधी अभियान के दौरान 33 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस अभियान में एक महिला को भी मुक्त कराया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अपराध शाखा को देह व्यापार गिरोह को लेकर पुख्ता जानकारी मिली थी जिसके आधार पर बुधवार तड़के बार्देज के कलंगुट में एक रिसॉर्ट के पास छापेमारी की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान तेलंगाना निवासी पुन्ना हरि प्रसाद के तौर पर की गई है, जो उत्तरी गोवा के अरपोरा में रह रहा है। उसे कथित तौर पर तब पकड़ा गया जब वह एक महिला को वेश्यावृत्ति के लिए संभावित ग्राहकों के पास ले जाने के लिए स्कूटर से आ रहा था।
पुलिस के मुताबिक इस अभियान के दौरान महिला को देह व्यापार के चंगुल से मुक्त कराया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया गया है तथा भारतीय न्याय संहिता एवं अनैतिक देह व्यापार रोकथाम अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा
राजकुमार धीरज
धीरज