जम्मू कश्मीर: रामबन में गाय और बछड़ों को ले जा रहा व्यक्ति हमले के बाद लापता

Ads

जम्मू कश्मीर: रामबन में गाय और बछड़ों को ले जा रहा व्यक्ति हमले के बाद लापता

  •  
  • Publish Date - April 13, 2026 / 10:24 AM IST,
    Updated On - April 13, 2026 / 10:24 AM IST

बनिहाल/जम्मू, 13 अप्रैल (भाषा) जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में अज्ञात हमलावरों के एक समूह द्वारा कथित तौर पर हमला किए जाने के बाद 25 वर्षीय एक व्यक्ति लापता हो गया और उसके एक नाले में गिरने का संदेह है।

अधिकारियों ने रविवार को बताया कि रामबन के उपायुक्त (डीसी) मोहम्मद अलियास खान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अरुण गुप्ता ने पुलिस एवं स्थानीय स्वयंसेवकों द्वारा संयुक्त रूप से शुरू किए गए बचाव अभियान का जायजा लेने के लिए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मकरकूट के पास स्थित घटनास्थल का दौरा किया।

स्थानीय लोगों का दावा है कि उखराल तहसील के मुंडखाल पोगल निवासी तनवीर अहमद चोपान अपने साथ एक दुधारू गाय और दो बछड़ों को लेकर एक वाहन में जम्मू से अपने पैतृक गांव की ओर जा रहे थे। स्थानीय लोगों का दावा है कि रास्ते में अज्ञान गो रक्षकों ने तनवीर का कथित तौर पर पीछा किया और उनपर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चोपान या तो पास के नाले बिश्लारी में कूद गया या उसे फेंक दिया गया। इस घटना से इलाके में व्यापक आक्रोश और तनाव पैदा हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में एक मामला दर्ज किया जा रहा है और राजमार्ग से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) विधायक सज्जाद शाहीन ने कहा, ‘‘मकरकूट में हुई दुखद घटना से मैं बहुत आहत और व्यथित हूं। अपने पालतू जानवर को लेकर जा रहे पोगल निवासी एक व्यक्ति का बदमाशों ने डिगडोल से कथित तौर पर पीछा किया और उस पर बेरहमी से हमला किया। चिंताजनक बात यह है कि वह व्यक्ति अब तक लापता बताया जा रहा है, जिससे घटना को लेकर चिंता और बढ़ गई है। ऐसे बर्बर कृत्यों का सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है और ये हमारे शांतिपूर्ण रामबन जिले में बड़ी मेहनत से हासिल की गई शांति और सद्भाव को भंग करने का सीधा प्रयास प्रतीत होते हैं।’’

शाहीन ने घटनास्थल का दौरा किया और लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “मैंने रामबन के डीसी और एसएसपी से बात की है तथा उनसे आग्रह किया है कि वे तथ्यों का पता लगाने और लापता व्यक्ति को जल्द से जल्द ढूंढने के लिए समयबद्ध और निष्पक्ष जांच करें। इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान की जानी चाहिए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।”

रामबन के विधायक अर्जुन सिंह राजू और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विकार रसूल वानी ने भी इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए गहन जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।

व्यापार मंडल बनिहाल के अध्यक्ष शादाब वानी ने इस घटना के विरोध में कस्बे में सोमवार को एक दिवसीय हड़ताल की घोषणा की।

भाषा यासिर अमित

अमित