पुणे में एक महिला शोधार्थी ने आत्महत्या की, उसके गाइड को उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया गया

Ads

पुणे में एक महिला शोधार्थी ने आत्महत्या की, उसके गाइड को उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया गया

  •  
  • Publish Date - April 13, 2026 / 03:34 PM IST,
    Updated On - April 13, 2026 / 03:34 PM IST

पुणे, 13 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे में पीएचडी कर रही 30 वर्षीय एक महिला ने कथित तौर पर अपने शोध मार्गदर्शक (रिसर्च गाइड) द्वारा उत्पीड़न किये जाने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण (बीएसआई) के कोरेगांव पार्क स्थित कार्यालय में सहायक निदेशक के पद पर कार्यरत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर शनिवार को यहां चिंचवड इलाके में अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने बताया कि महिला ने एक पत्र छोड़ा है, जिसमें उसने कथित तौर पर अपने गाइड पर अनुचित व्यवहार और उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

भोसारी एमआईडीसी थाने के एक अधिकारी ने बताया कि महिला ने वनस्पति विज्ञान में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की थी और अगस्त 2025 से वह आरोपी के मार्गदर्शन में पीएचडी कर रही थी।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है और उसे गिरफ्तार कर लिया है।’’

भाषा

राजकुमार दिलीप

दिलीप