जम्मू, पांच मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के ‘नशा मुक्त अभियान’ के तहत अब तक 500 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 14.50 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति कुर्क की गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यह अभियान उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की पहल पर 11 अप्रैल को जम्मू से शुरू किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान 4.7 किलोग्राम हेरोइन, 27.13 किलोग्राम चरस और 209 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त किया गया।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के तहत मादक पदार्थ तस्करों से जुड़ी चल-अचल संपत्तियां भी कुर्क की गई हैं।
अधिकारियों के अनुसार, कश्मीर क्षेत्र में 12.66 लाख रुपये की छह चल संपत्तियां और 7.77 करोड़ रुपये की 14 अचल संपत्तियां जब्त हुईं, जबकि जम्मू क्षेत्र में 1.36 करोड़ रुपये की 22 चल संपत्तियां और 5.54 करोड़ रुपये की नौ अचल संपत्तियां कुर्क की गईं।
अधिकारियों के अनुसार, अब तक 537 तस्करों को गिरफ्तार कर 502 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
यह 100 दिन का अभियान जनभागीदारी, जागरूकता और सामुदायिक सहयोग पर केंद्रित है, जिसकी शुरुआत जम्मू के एम ए स्टेडियम से सिन्हा के नेतृत्व में एक पदयात्रा के जरिए हुई थी।
सिन्हा ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों से कानून के तहत आतंकवादियों की तरह ही निपटा जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘मादक पदार्थों की तस्करी आतंकवाद से कम नहीं है और इसमें शामिल लोगों को कड़ी सजा मिलेगी। मादक पदार्थों का दुरुपयोग एक तरह का मूक आतंकवाद है, न कि सिर्फ कानून-व्यवस्था का मामला।’
भाषा
राखी मनीषा
मनीषा