जम्मू-कश्मीर: 1990 के दोहरे हत्याकांड मामले में एसआईए ने नौ स्थानों पर छापे मारे

Ads

जम्मू-कश्मीर: 1990 के दोहरे हत्याकांड मामले में एसआईए ने नौ स्थानों पर छापे मारे

  •  
  • Publish Date - August 12, 2026 / 10:57 AM IST,
    Updated On - August 12, 2026 / 10:57 AM IST

श्रीनगर/जम्मू, 12 अगस्त (भाषा) जम्मू-कश्मीर पुलिस की राज्य अन्वेषण एजेंसी (एसआईए) ने 1990 में एक कश्मीरी पंडित लेखक और उनके बेटे की हत्या के सिलसिले में केंद्र शासित प्रदेश में कई स्थानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

एसआईए ने दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले और जम्मू के बाग-ए-बाहु इलाके सहित नौ स्थानों पर तलाशी ली।

यह छापेमारी अनंतनाग जिले में कोकरनाग स्थित सोफ शाली के रहने वाले कश्मीरी पंडित लेखक एवं समाज सेवी सर्वानंद कौल ‘प्रेमी’ और उनके बेटे वीरेंद्र कौल के अपहरण एवं उनकी हत्या के 36 साल पुराने मामले में एसआईए की जांच का हिस्सा है।

आतंकवादियों ने 29 अप्रैल 1990 को ‘प्रेमी’ और उनके बेटे का अपहरण कर लिया था। उनके शव एक मई 1990 को बरामद किए गए थे, जिसके बाद डूरू थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

अधिकारियों के अनुसार, बुधवार तड़के जम्मू के बाग-ए-बाहु इलाके की शहबाज कॉलोनी में छापेमारी की गई। अनंतनाग में भी कई स्थानों पर तलाशी ली गई।

भाषा खारी सिम्मी

सिम्मी