Bihar News in Hindi | Photo Credit: AI
बांका/लखीसराय/पटना: Bihar News in Hindi बिहार के तीन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। एक आधिकारिक बयान में मंगलवार को यह जानकारी दी गयी। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी बयान के अनुसार, ये सभी मौतें पिछले 24 घंटों के दौरान हुईं। बयान के अनुसार सबसे अधिक पांच मौतें बांका जिले में, तीन लखीसराय में और एक पटना जिले में हुई।
Bihar News in Hindi राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। इसके अनुसार बांका जिले में आकाशीय बिजली गिरने से जान गंवाने वाले पांच लोगों में एक ही परिवार की तीन महिलाएं शामिल हैं। बौंसी थाना क्षेत्र के पोरई गांव में कुश्मी देवी (45), रिंकू देवी (35) और रेनू देवी (38) घर के बाहर थीं, तभी उन पर आकाशीय बिजली गिर गई और उनकी मौत हो गई।
बयान के अनुसार बौसी प्रखंड के सिराई गांव निवासी सुरेश यादव खेत की ओर जाते समय तालाब के पास आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, इसी प्रखंड के काजी कैरी गांव की सुफियाना खातून (50) धान रोपाई कर रहे मजदूरों को नाश्ता देकर लौट रही थीं, तभी उन पर बिजली गिर गई और उनकी भी मौत हो गई।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने, यथासंभव घर के भीतर रहने और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सतर्कता बेहद जरूरी है।