जम्मू, 10 जुलाई (भाषा) जम्मू फिल्म महोत्सव के पांचवें संस्करण को दुनिया भर के फिल्म निर्माताओं से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। आयोजकों ने बताया कि आगामी 31 जुलाई तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। हालांकि इस समयसीमा से काफी पहले ही 35 देशों से 180 प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं।
आयोजकों ने बताया कि प्राप्त प्रविष्टियों में 130 लघु फिल्में, 35 वृत्तचित्र और 17 फीचर फिल्में शामिल हैं जो दुनिया भर की विविध संस्कृतियों, भाषाओं और सिनेमाई परंपराओं की झलक पेश करती हैं। उन्होंने 31 जुलाई से पहले और भी प्रविष्टियां प्राप्त होने की उम्मीद जताई है।
जम्मू फिल्म महोत्सव का यह पांचवां संस्करण 28 और 29 सितंबर को जम्मू में आयोजित किया जाएगा।
जूरी के प्रमुख कपिल मट्टू ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘इस महोत्सव को दुनिया भर के फिल्म निर्माताओं से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। यह महोत्सव जम्मू को वैश्विक फिल्म समुदाय से जोड़ने की अपनी शानदार यात्रा को जारी रखे हुए है और उत्तर भारत के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में से एक बनकर उभरा है।’
यह महोत्सव ‘वोमेध’ और ‘कोशुरवुड स्टूडियो’ द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है। इसमें भारत और विदेशों से फिल्म निर्माताओं, प्रतिनिधियों, कलाकारों और सिनेमा प्रेमियों के जुटने की उम्मीद है।
इस बीच, आयोजन समिति ने एक पारदर्शी और योग्यता-आधारित चयन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए 2026 के संस्करण के लिए तीन-स्तरीय जूरी प्रणाली की घोषणा की।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश