नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने श्रद्धा वालकर हत्याकांड में 20 जुलाई को कार्यवाही रद्द करने की अनुमति दे दी है।
आरोपी आफताब अमीन पूनावाला ने बताया था कि वह उस दिन तिहाड़ जेल में अपनी एमए समाजशास्त्र की आखिरी परीक्षा में शामिल होगा, जिसके बाद अदालत ने 20 जुलाई को होने वाली सुनवाई रद्द कर दी।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हरगुरवरिंदर सिंह जग्गी ने बताया कि पूनावाला की परीक्षाएं, जो इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) द्वारा आयोजित की जा रही हैं, 11 जुलाई से 20 जुलाई तक तिहाड़ की केंद्रीय जेल संख्या-3 के अंदर बने परीक्षा केंद्र में होंगी। वह इसी जेल में विचाराधीन कैदी के तौर पर बंद है।
आठ जुलाई के आदेश में अदालत ने कहा कि आरोपी की परीक्षा के मद्देनजर 20 जुलाई को मामले की सुनवाई रद्द रहेगी।
मामले के मुताबिक, 27 वर्षीय कॉल सेंटर कर्मचारी वालकर की मई 2022 में उसके सहजीवन साथी पूनावाला ने कथित तौर पर हत्या कर दी थी।
अभियोजन पक्ष का आरोप है कि पूनावाला ने वालकर की गला घोंट कर हत्या की, शव के कई टुकड़े किए, उन्हें एक रेफ्रिजरेटर में रखा और कई दिनों तक दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में ठिकाने लगाया।
पूनावाला ने दिल्ली के महरौली में एक किराए के फ्लैट में वारदात को अंजाम दिया था। उसे 12 नवंबर 2022 को गिरफ्तार किया गया था।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप