नयी दिल्ली, 25 जुलाई (भाषा) सार्वजनिक परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जारी आंदोलन के दूसरे महीने में प्रवेश करने के बीच प्रदर्शन के आयोजकों ने शनिवार को समर्थकों से जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन उपलब्ध कराने की अपील की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा,‘‘ भोजन अलर्ट। जंतर-मंतर प्रदर्शन। हमें अभी प्रदर्शन स्थल पर भोजन की आवश्यकता है। कृपया जंतर-मंतर के टॉलस्टॉय रोड प्रवेश द्वार पर भोजन भेजें।’’
छह जून से शुरू हुआ यह प्रदर्शन अब दूसरे महीने में पहुंच चुका है और प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर 24 घंटे डटे हुए हैं।
प्रदर्शनकारी नीट-यूजी 2026 के कथित प्रश्नपत्र लीक और सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मूल्यांकन (ऑन-स्क्रीन मार्किंग) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके साथ ही वे सार्वजनिक परीक्षाओं के संचालन में व्यापक सुधार की भी मांग कर रहे हैं।
इससे पहले प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया था कि सुरक्षा कर्मियों ने इलाके में अवरोधक लगा दिए हैं, जिससे प्रदर्शन स्थल तक भोजन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बाधित हो रही है।
इस आंदोलन में देश के विभिन्न हिस्सों से छात्र और समर्थक शामिल हुए हैं। प्रदर्शन स्थल पर ठहरे लोगों के लिए स्वयंसेवी भोजन, पेयजल, दवाइयों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की व्यवस्था कर रहे हैं।
आयोजकों ने समय-समय पर आम जनता से भी सहयोग की अपील के साथ ही प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन तथा अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
भाषा शोभना संतोष
संतोष