जापानी राजदूत केइची ओनो ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की
जापानी राजदूत केइची ओनो ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की
नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) भारत में जापान के राजदूत केइची ओनो ने सोमवार को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्ची की, जिनमें 2027 में भारत-जापान के बीच राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने का महत्व और अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने की संभावनाएं शामिल हैं।
भाजपा ने बताया कि ओनो के साथ बातचीत के दौरान नवीन ने उन्हें पार्टी के संगठनात्मक सफर, जमीनी स्तर के ढांचे और कामकाज के बारे में जानकारी दी।
पार्टी के मुताबिक, “नवीन ने भाजपा के सदस्यों और कार्यकर्ताओं के व्यापक नेटवर्क, उसके मोर्चों और विभागों, हाल में गठित राष्ट्रीय टीम तथा चुनावों से आगे भी संगठनात्मक गतिविधियों को लगातार जारी रखने पर भाजपा के जोर को रेखांकित किया।”
भाजपा ने कहा, “ओनो ने कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए जापान की विभिन्न पहलों के बारे में विस्तार से बताया। दोनों पक्षों ने 2027 में भारत-जापान राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के महत्व और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।”
पार्टी ने बताया कि बैठक के दौरान नवीन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जापान के दिवंगत प्रधानमंत्री शिंजो आबे के बीच गहरी व्यक्तिगत दोस्ती और दोनों देशों के संबंधों को और अधिक रणनीतिक गहराई एवं गति देने में उनके योगदान को याद किया।
भाजपा के विदेश मामलों के विभाग के प्रभारी विजय चौथाईवाले ने कहा, “बैठक के दौरान नवीन ने भारत की विकास यात्रा में जापान की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। इसमें मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल परियोजना सहित कई सहयोग शामिल हैं।”
चौथाईवाले ने बताया, “भाजपा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बुनियादी ढांचे, डिजिटलीकरण, विनिर्माण, सामाजिक विकास और आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्रों में भारत में आए बदलावों का भी जिक्र किया।”
भाषा पारुल नरेश
नरेश

Facebook


