झारखंड: ‘हमले’ को लेकर जयराम महतो ने कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई

Ads

झारखंड: ‘हमले’ को लेकर जयराम महतो ने कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई

  •  
  • Publish Date - April 9, 2025 / 06:07 PM IST,
    Updated On - April 9, 2025 / 06:07 PM IST

बोकारो, नौ अप्रैल (भाषा) झारखंड में डुमरी के विधायक जयराम महतो ने बोकारो की कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह और उनके समर्थकों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है।

यह कथित घटना मंगलवार को उस समय हुई जब झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के विधायक महतो कुछ लोगों से मिलने गए थे जो तीन अप्रैल को सुरक्षाकर्मियों द्वारा कथित लाठीचार्ज में एक व्यक्ति की मौत को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।

बोकारो इस्पात संयंत्र के प्रशासनिक भवन के पास तीन अप्रैल को परियोजना के लिए जमीन देने वाले लोगों को नौकरी देने की मांग को लेकर प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों पर कथित तौर पर लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज में कथित रूप से घायल 26 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया।

महतो ने आरोप लगाया कि जब वह प्रदर्शनकारियों से मिलने मौके पर गए तो कांग्रेस समर्थकों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और सिंह के निर्देश पर उनकी कार की नंबर प्लेट को क्षतिग्रस्त कर दिया।

बोकारो स्टील सिटी थाना के प्रभारी सुदामा दास ने बताया कि महतो की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।

इस बीच, श्वेता सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के लिए महतो की आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण और ओछी राजनीति का उदाहरण है।’’

भाषा आशीष माधव

माधव