असम के मुख्यमंत्री ने अहोम सेनापति पर फिल्म बनाने को लेकर ‘धुरंधर’ के निर्देशक आदित्य धर से बात की

Ads

असम के मुख्यमंत्री ने अहोम सेनापति पर फिल्म बनाने को लेकर ‘धुरंधर’ के निर्देशक आदित्य धर से बात की

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 03:02 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 03:02 PM IST

गुवाहाटी, 17 जुलाई (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा है कि उन्होंने फिल्म ‘धुरंधर’ के निर्देशक आदित्य धर से अहोम सेनापति लाचित बरफुकन के जीवन पर फिल्म बनाने को लेकर चर्चा की है।

शर्मा ने कहा कि लाचित बरफुकन पर भव्य स्तर पर बनने वाली हिंदी फिल्म उनके व्यक्तित्व और वीरता को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी व्यापक पहचान दिलाएगी।

मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार शाम ‘फेसबुक लाइव’ के दौरान कहा, ‘‘फिल्म ‘धुरंधर’ बड़ी हिट रही। इसके निर्देशक आदित्य धर हैं और वह अपने समकालीन निर्देशकों में सबसे चर्चित नामों में से एक हैं।’’

लाचित बरफुकन अहोम साम्राज्य के सेनापति थे। वह विशेष रूप से 1671 के सरायघाट युद्ध में अपने नेतृत्व के लिए प्रसिद्ध हैं, जिसमें उन्होंने मुगल सेना के असम पर दोबारा कब्जा करने के प्रयास को विफल कर दिया था।

शर्मा ने बताया कि वह लाचित बरफुकन पर पूरे भारत के दर्शकों के लिए फिल्म बनाने के संबंध में आदित्य धर से बातचीत की है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता निर्देशक अगस्त में उनसे मुलाकात करेंगे, ताकि इस विषय पर विस्तृत चर्चा की जा सके।

उल्लेखनीय है कि 10 जुलाई को विधानसभा में पेश किए गए असम सरकार के वर्ष 2026-27 के बजट में लाचित बरफुकन और स्वतंत्रता सेनानी कुशल कोंवर के जीवन पर फिल्म बनाने का प्रस्ताव रखा गया है।

भाषा शफीक नेत्रपाल

नेत्रपाल

ताजा खबर