रांची, नौ अगस्त (भाषा) भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ियों का विरोध कर रहे छात्रों से बातचीत के लिए झारखंड सरकार की समिति ने रविवार को देवेंद्र नाथ महतो से बात की। महतो उन लोगों में से एक हैं जो पिछले आठ दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं।
महतो की हालत तड़के करीब तीन बजे बिगड़ गई थी। डॉक्टरों की जांच में पाया गया कि उनके रक्त में ग्लूकोज का स्तर कम हो गया था।
समिति के सदस्य और उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार ने वीडियो कॉल के जरिए महतो से बात की। कुमार ने महतो के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और आश्वासन दिया कि बातचीत जारी है तथा दिन में ही इस मुद्दे का समाधान निकाल लिया जाएगा।
महतो ने बताया कि समिति की एक अन्य सदस्य और मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने भी उनसे भूख हड़ताल समाप्त करने का आग्रह किया।
महतो ने कहा कि वह इस पर तभी फैसला लेंगे, जब प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधि समिति के साथ बैठक करके लौटेंगे।
झारखंड सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ 16वें दिन भी प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों के साथ रविवार को नए सिरे से बातचीत शुरू की। वहीं, एक प्रमुख छात्र संगठन ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार की इस पहल को ‘‘राजनीतिक चाल’’ करार दिया।
सरकार और छात्र संगठनों के बीच शुक्रवार रात तथा शनिवार को हुई कई दौर की बैठकों में गतिरोध दूर नहीं हो सका, जिसके बाद एक बार फिर बातचीत करने का फैसला लिया गया।
भाषा आशीष प्रशांत
प्रशांत