झारखंड: ईवी चार्जिंग स्टेशन के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में पांच लोग गिरफ़्तार

Ads

झारखंड: ईवी चार्जिंग स्टेशन के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में पांच लोग गिरफ़्तार

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 06:23 PM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 06:23 PM IST

हजारीबाग, 16 सितंबर (भाषा) झारखंड पुलिस ने हजारीबाग में टाटा पावर ईवी चार्जिंग स्टेशन की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों से कथित तौर पर लाखों रुपये की ठगी करने और पैसे ऐंठने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, टाटा पावर ईवी चार्जिंग स्टेशन के नाम वाले फर्जी पहचान पत्र और कुछ संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए हैं।

पुलिस ने बताया कि एक सूचना के आधार पर मंगलवार को बड़ाबाजार थाना क्षेत्र के बाबा पथ-हुरहुरू इलाके में एक मकान पर छापा मारकर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी बिहार के रहने वाले हैं।

अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) रूपक कुमार सिंह ने पीटीआई-भाषाा को बताया कि अब तक आरोपियों ने लोगों से 15 से 20 लाख रुपये की ठगी की है।

एसडीपीओ ने कहा, ‘‘पूछताछ के दौरान उन्होंने जांचकर्ताओं को बताया कि वे फर्जी दस्तावेज तैयार करते थे और टाटा पावर ईवी चार्जिंग स्टेशन की फ्रेंचाइजी स्थापित करने के नाम पर लोगों से बड़ी रकम ऐंठते थे।’’

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के नवादा जिले के निवासी अमरजीत कुमार (21), संजीव कुमार (19), सिंटू कुमार (34) और प्रवीण कुमार (51) तथा नालंदा जिले के निवासी राजू कुमार (21) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बड़ाबाजार थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।

भाषा

राखी माधव

माधव