(फाइल फोटो के साथ)
जयपुर, 16 सितंबर (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा कि राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को सूखे के हालात से निपटने की तैयारी करनी चाहिए।
उन्होने एक बयान में कहा,‘‘आधे से अधिक राजस्थान में सूखे के हालात हैं। बांध पूरे भरे नहीं हैं। किसानों की फसलें सूख गई हैं और लोगों में चिंता है। रबी की फसल का क्या होगा, कोई नहीं जानता।’’
उन्होंने कहा,‘‘ऐसे हालात में मैं राज्य सरकार से बार-बार आग्रह कर रहा हूं कि सूखे के जो हालात बनते जा रहे हैं उसे देखते हुए वह अभी से तैयारी शुरू करे।’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तक न कोई सूखाग्रस्त इलाकों का सर्वे हुआ है, न कोई राहत पैकेज देने की बात आई है।
उन्होंने कहा कि इस सरकार की नीयत साफ बताती है कि उसे सिर्फ चुनाव और कुर्सी से मतलब है, उसे किसान और आम जनता की चिंता से नहीं है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि आखिर कब भाजपा सरकार राजस्थान के किसानों और आम जनता की ओर ध्यान देगी?
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार