रांची, 13 मई (भाषा) झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने बुधवार को पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर ईंधन संरक्षण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के बाद अपने काफिले का आकार कम करने का फैसला किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
राज्यपाल ने निर्वाचित प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से अनावश्यक वाहनों के उपयोग से बचने का भी आग्रह किया।
राज्यपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के जवाब में ईंधन संरक्षण और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के उद्देश्य से मैंने झारखंड के लोक भवन में काफिले में वाहनों की संख्या घटाकर केवल चार करने का निर्णय लिया है।’
उन्होंने कहा, ‘मैं सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से अनावश्यक वाहनों के उपयोग से बचने का आग्रह करता हूं। आइए हम सभी ऊर्जा संरक्षण के इस जन जागरूकता अभियान में भागीदार बनें।’
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि उन्होंने भी प्रधानमंत्री मोदी से प्रेरित होकर इस दिशा में कदम उठाए हैं।
सेठ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘वैश्विक संकट को देखते हुए, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाहनों की संख्या भी कम कर दी है… उनसे प्रेरित होकर मैंने भी इस दिशा में कदम उठाया है। मैं सभी नागरिकों से राष्ट्रीय हित में कदम उठाने का आग्रह करता हूं। आपका यह कदम भारत को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने में बहुत सहायक सिद्ध होगा।’
पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच मोदी ने रविवार को हैदराबाद में तेलंगाना भाजपा द्वारा आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए मितव्ययिता पर जोर दिया।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश