दुमका, 10 सितंबर (भाषा) झारखंड के दुमका जिले में एक घर में चल रही ‘अवैध’ मिनी गन फैक्टरी का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि हंसडीहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले उस घर पर छापेमारी के दौरान एक मशीन और अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं।
हंसडीहा थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव ने कहा, ‘कोलकाता पुलिस ने कुछ दिन पहले हथियार तस्करी के एक मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उन्होंने खुलासा किया कि हंसडीहा में अवैध हथियार बनाए जा रहे थे। दोनों आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर छापेमारी की गई और एक मिनी गन फैक्टरी का भंडाफोड़ किया गया।’
यादव ने बताया कि इस यूनिट को चलाने के मामले में मकान मालिक समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने कहा, ‘सभी आरोपी फरार हैं और उन्हें पकड़ने के लिए तलाश अभियान शुरू कर दिया गया है।’
भाषा तान्या नरेश
नरेश