रांची, चार अगस्त (भाषा) झारखंड सरकार ने मंगलवार को देवघर जिले में मशहूर बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर के हवाई दर्शन और श्रद्धालुओं को देवघर से दुमका जिले के बासुकीनाथ धाम तक ले जाने के लिए एक विशेष हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह सेवा राज्य के नागरिक उड्डयन विभाग के तहत झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट (जेएफआई) की ओर से संचालित जा रही है।
देवघर के उपायुक्त (डीसी) सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए झारखंड सरकार और नागरिक उड्डयन विभाग ने हाथगढ़ मैदान में इस सेवा की शुरुआत की।
श्राणणी मेले का उद्घाटन 29 जुलाई को हुआ था।
उपायुक्त ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, “अब श्रद्धालु यात्रा के बेहद सुविधाजनक और सुरक्षित माध्यम से बाबाधाम के शानदार नजारे का आनंद ले सकेंगे।”
श्रावण के महीने में हर साल भगवान शिव के लाखों श्रद्धालु देवघर आते हैं और बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं। वे दुमका जिले में बाबा बासुकीनाथ धाम के भी दर्शन करते हैं।
जेएफआई के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) कैप्टन एसपी सिन्हा ने बताया कि इस सेवा के लिए पांच सीट वाला हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराया गया है।
देवघर में नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारी नाग नारायण प्रसाद ने कहा, “इस सेवा का मकसद श्रावण के पवित्र महीने में देवघर आने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सुविधाएं देना है। सरकार ने श्रावण के दौरान श्रद्धालुओं के लिए टेंट हाउस समेत कई सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं।”
भाषा
राखी पारुल
पारुल