चाईबासा, सात जून (भाषा) झारखंड के सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) के चक्रधरपुर मंडल में रेल अवसंरचना परियोजनाओं में तेजी लाने के उद्देश्य से वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक की। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को आयोजित इस बैठक में चक्रधरपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हूरिया, पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार, रेलवे और राज्य सरकार के अधिकारी तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, बैठक में झारखंड के सिंहभूम संसदीय क्षेत्र में प्रस्तावित, स्वीकृत और निर्माणाधीन सड़क ओवरब्रिज (आरओबी) की प्रगति की समीक्षा की गई। इसमें विशेष रूप से उन महत्वपूर्ण लेवल क्रॉसिंग पर चर्चा हुई, जहां लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
समीक्षा की गई प्राथमिकता वाली परियोजनाओं में मनोहरपुर रेलवे यार्ड, सिंहपोखरिया-झिंकपानी खंड, झिंकपानी-तलाबुरु खंड तथा तलाबुरु-केंदपोसी खंड सहित अन्य स्थानों पर प्रस्तावित आरओबी शामिल थे।
इस बैठक में भूमि अधिग्रहण, वन संबंधी मंजूरियां, उपयोगिता सेवाओं के स्थानांतरण, संपर्क मार्गों के निर्माण तथा आरओबी परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन को प्रभावित करने वाले अन्य प्रशासनिक मुद्दों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई।
राष्ट्रीय राजमार्ग गलियारों और अन्य प्रमुख सड़क नेटवर्क पर स्थित लेवल क्रॉसिंग से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। साथ ही संपर्क व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रवाह को बेहतर बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।
माझी ने आरओबी परियोजनाओं में हो रही देरी को लेकर स्थानीय निवासियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, किसानों और दैनिक यात्रियों की चिंताओं को रेखांकित करते हुए जनहित में इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की आवश्यकता पर बल दिया।
हूरिया ने कहा कि चक्रधरपुर मंडल परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाषा रवि कांत सुरेश
सुरेश