झारखंड: अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोगों की मौत, मरने वालों में तीन भाई-बहन शामिल

Ads

झारखंड: अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोगों की मौत, मरने वालों में तीन भाई-बहन शामिल

  •  
  • Publish Date - June 20, 2026 / 09:22 PM IST,
    Updated On - June 20, 2026 / 09:22 PM IST

रांची, 20 जून (भाषा) झारखंड के चार जिलों में पिछले 24 घंटों में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन भाई-बहनों समेत सात लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, लोहरदगा में शुक्रवार रात मिशन चौक के पास लोहरदगा-गुमला मेन रोड पर एक शादी में जाते समय तीन भाई-बहनों की मौत हो गई, जब उनके स्कूटर की टक्कर सामने से आ रहे एक ट्रक से हो गई।

लोहरदगा पुलिस थाने के प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर ने बताया, ‘दो बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके 25 वर्षीय भाई रोहित कुमार साहू की रिम्स रांची ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वे बरवाटोली गांव के रहने वाले थे।’

उन्होंने बताया कि ट्रक सेन्हा से लोहरदगा की ओर जा रहा था, जबकि तीनों स्कूटर सवार विपरीत दिशा में जा रहे थे।

पुलिस ने बताया कि उन्होंने ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जबकि उसका चालक फरार है।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद पीड़ितों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए।

गुमला में शनिवार को पलाकोट पुलिस थाने इलाके में काली मंदिर के पास तेज रफ्तार कार के पेड़ से टकराने से दो लोगों की मौत हो गई।

पलाकोट पुलिस थाने के निरीक्षक तरुण कुमार ने बताया, ‘शादी समारोह से लौटते समय हुए इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। कार में चार लोग सवार थे। मरने वालों में से एक दूल्हे के पिता थे, जिनकी पहचान बाया लोंगा गांव के रहने वाले कमलेश साहू (50) के तौर पर हुई है। दूसरे व्यक्ति की मौत रिम्स, रांची ले जाते समय रास्ते में हो गई।’

चतरा में, बिहार के गया जिले के एक ट्रक चालक की मौत तब हो गई जब उसका ट्रक दूसरे ट्रक से जा भिड़ा। यह हादसा सदर पुलिस थाना इलाके में चतरा-गया रोड पर संघारी घाटी इलाके में हुआ।

छत्रा सदर पुलिस थाने के प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया, ‘मृतक की पहचान सुनील कुमार यादव (28) के तौर पर हुई है, जो बिहार के गया जिले के बाराचट्टी पुलिस थाना इलाके के एक गांव का रहने वाला था। यह हादसा तब हुआ जब वह टांडवा इलाके से उत्तर प्रदेश कोयला ले जा रहा था और सामने से आ रहे एक दूसरे ट्रक ने उसके ट्रक को सीधी टक्कर मार दी।’

वहीं, हेरहांज पुलिस थाने के प्रभारी कृष्णपाल ने बताया कि लातेहार जिले की एक अलग घटना में, हेरहांज पुलिस थाना इलाके में सड़क किनारे बने एक खाली घर की बाउंड्री वॉल से पिक-अप वैन के टकराने से उसके वाहन चालक की मौत हो गई।

भाषा

राखी माधव

माधव