जम्मू-कश्मीर : उपराज्यपाल सिन्हा ने वार्षिक हरमुख-गंगबल यात्रा को रवाना किया

Ads

जम्मू-कश्मीर : उपराज्यपाल सिन्हा ने वार्षिक हरमुख-गंगबल यात्रा को रवाना किया

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 02:25 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 02:25 PM IST

श्रीनगर, 18 सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को गांदरबल से वार्षिक हरमुख-गंगबल यात्रा को रवाना किया।

मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के नारनाग में यात्रा को रवाना के लिए आयोजित कार्यक्रम में सांसद मियां अल्ताफ, कंगन से विधायक मियां मेहर अली, पुलिस और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा देश भर से आए कई कश्मीरी पंडित शामिल हुए।

सिन्हा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर यात्रा को रवाना करने की तस्वीरें साझा की। उन्होंने इसी के साथ लिखी पोस्ट में कहा, ‘‘ आज गांदरबल में हरमुख-गंगबल तीर्थयात्रा को हरी झंडी दिखाई गई। यह पवित्र यात्रा शुद्धता, भक्ति और विविधता में एकता का प्रतीक है। यह अटूट आस्था की जीवंत अभिव्यक्ति है, जो हमारी आत्मा को मजबूत करती है, हमें प्रकृति से जोड़ती है और सद्भाव की प्रेरणा देती है। भगवान शिव का आशीर्वाद हमें करुणा, संस्कृति और सामूहिक चेतना की ओर ले जाए।’’

उपराज्यपाल ने यात्रा को रवाना करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि जम्मू-कश्मीर और देश के अन्य हिस्सों से कई श्रद्धालु सालाना तीर्थयात्रा के लिए आए थे।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन सभी को शुभकामनाएं देता हूं और मुझे पूरा भरोसा है कि इस पवित्र तीर्थयात्रा का आशीर्वाद यहां के लोगों पर हमेशा बना रहेगा, और जम्मू-कश्मीर शांति और तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ता रहेगा।’’

जिला प्रशासन ने तीर्थयात्रा के लिए सुरक्षा समेत आवश्यक व्यवस्था की है। यह 15 किलोमीटर की पैदल सालाना यात्रा हरमुख पर्वत शृंखला में लगभग 14,500 फुट की ऊंचाई पर स्थित गंगबल झील तक की जाती है। इसे कश्मीरी पंडितों के लिए एक पवित्र तीर्थयात्रा माना जाता है।

भाषा धीरज मनीषा

मनीषा