श्रीनगर, 25 जनवरी (भाषा) जम्मू और कश्मीर पुलिस ने शोपियां जिले में बर्फ में फंसे एक व्यक्ति को बचाया और बड़गाम जिले में दो महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में भी मदद की। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शोपियां के हेरपोरा इलाके में भारी बर्फ में फंसे एक व्यक्ति की चीखें सुनकर पुलिस तुरंत हरकत में आई। समय पर की गई कार्रवाई से दानिश रियाज गनाई की जान बच गई।
अधिकारियों ने बताया कि उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया।
इसी बीच बड़गाम जिले के खानसाहिब इलाके में सड़कों पर बर्फ जमा होने के कारण दो महिला मरीजों को अस्पताल ले जाया गया।
एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया, ‘खानसाहिब थाने को बटपोरा शेखपोरा (इलाके) से एक आपातकालीन कॉल मिली, जिसमें एक महिला के अत्यधिक दर्द में होने की सूचना दी गई थी। थाना प्रभारी (एसएचओ) के नेतृत्व में एक पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मरीज को इलाज के लिए खानसाहिब अस्पताल में भर्ती कराया’
खानसाहिब पुलिस को हरिवानिन इलाके से एक और आपातकालीन कॉल मिली, जहां एक गर्भवती महिला को तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता थी। पुलिस दल ने तुरंत उसे आवश्यक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश