जम्मू, एक जून (भाषा) जनगणना 2027 के स्व-गणना चरण में जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेशों में पहले स्थान पर है और देश के राज्यों में आठवें स्थान पर है। एक वरिष्ठ जनगणना अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि 6.67 लाख से अधिक परिवारों ने स्वेच्छा से आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपना विवरण जमा कराया है।
उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर में 6,67,517 परिवारों और लद्दाख में 7,009 परिवारों ने घर-घर जाकर विवरण एकत्र करने का अभियान शुरू होने से पहले स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर ली थी।
अधिकारी ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के सभी निवासियों से अपील की कि वे महीने भर चलने वाली जनगणना प्रक्रिया के दौरान घर-घर जाने वाले गणनाकारों और पर्यवेक्षकों को पूरा सहयोग दें।
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी एवं जनगणना संचालन निदेशक अमित शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, ‘जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना में जम्मू-कश्मीर देश के सभी केंद्र शासित प्रदेशों में सबसे आगे रहा और राज्यों में आठवें स्थान पर है। 6.67 लाख से अधिक परिवारों ने स्वेच्छा से आधिकारिक स्व-गणना पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कराई।’
भाषा जोहेब वैभव
वैभव