CG Police Transfer | Photo Credit: IBC24
चंडीगढ़ः Punjab Police Transfer: पंजाब सरकार ने सोमवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 11 अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया। जिन अधिकारियों का तबादला हुआ, उनमें वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनीता पुंज, प्रदीप कुमार यादव और धनप्रीत कौर शामिल हैं। अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुहैल कासिम मीर को पंजाब में सहायक महानिरीक्षक कार्मिक-एक के पद पर तैनात किया गया है।
Punjab Police Transfer: मीर का तबादला अमृतसर में एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित करने के कुछ घंटों बाद हुआ, जिसमें उन्होंने शिरोमणि अकाली दल नेता बिक्रम सिंह मजीठिया और अन्य लोगों द्वारा पुलिस हिरासत से एक कैदी को जबरन छुड़ाने के प्रयास में मजीठा पुलिस थाने में दर्ज प्राथमिकी के बारे में जानकारी दी।
एक सरकारी आदेश के अनुसार, आईपीएस अधिकारी अनीता पुंज को मानव संसाधन विकास एवं कल्याण विभाग का विशेष डीजीपी बनाया गया है, जबकि प्रदीप कुमार यादव को तकनीकी सेवा आईजी बनाया गया है। पुलिस आयुक्त (जालंधर) धनप्रीत कौर को फिल्लौर स्थित महाराजा रणजीत सिंह पंजाब पुलिस अकादमी (एमआरएस पीपीए) की निदेशक बनाया गया है। सतिंदर सिंह को जालंधर का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। विवेक शील सोनी को अमृतसर सीमा रेंज का उपमहानिरीक्षक बनाया गया है, जबकि सुरिंदरजीत सिंह मंड को डीआईजी (जेल) बनाया गया है। संदीप गोयल को लुधियाना रेंज का डीआईजी बनाया गया है। फरीदकोट की एसएसपी प्रज्ञा जैन को एआईजी (कानून एवं व्यवस्था) बनाया गया है।