कॉर्पोरेट विधियां विधेयक पर विचार के लिए संयुक्त समिति का गठन, सुधीर गुप्ता होंगे अध्यक्ष
कॉर्पोरेट विधियां विधेयक पर विचार के लिए संयुक्त समिति का गठन, सुधीर गुप्ता होंगे अध्यक्ष
नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कॉर्पोरेट विधियां (संशोधन) विधेयक, 2026 पर विचार के लिए मंगलवार को संयुक्त समिति का गठन किया, जिसकी अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी के सांसद सुधीर गुप्ता करेंगे।
लोकसभा सचिवालय के अनुसार, इस समिति में लोकसभा से 21 सदस्य नामित किए गए हैं जिनमें भाजपा से सुधीर गुप्ता, निशिकांत दुबे और तेजस्वी सूर्या, कांग्रेस से वरुण चौधरी एवं राहुल कसवां, समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव, तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा और द्रमुक से दयानिधि मारन शामिल हैं।
समिति में राज्यसभा से नौ सदस्यों को जगह मिली और फिलहाल एक स्थान रिक्त है।
इसमें शामिल राज्यसभा सदस्यों में विनोद तावड़े (भाजपा), विवेक तन्खा (कांग्रेस) और संजय झा (जदयू) प्रमुख हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस साल 23 मार्च को लोकसभा में कॉर्पोरेट विधियां (संशोधन) विधेयक, 2026 पेश किया था, जिसका मकसद सीमित देयता भागीदारी अधिनियम, 2008 और कंपनी अधिनियम, 2013 में संशोधन करना है।
यह विधेयक पेश किए जाने के बाद सदन ने वित्त मंत्री की अनुशंसा पर इसे संसद की संयुक्त समिति के पास भेजने का फैसला किया था। बीते 10 मार्च को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने उक्त विधेयक को मंजूरी दी थी।
यह विधेयक छोटे उद्योगों, स्टार्टअप और किसानों की उत्पादक कंपनियों के लिए अनुपालन को आसान बनाने, कुछ आपराधिक अपराधों को जुर्माने में बदलने और कारोबारी सुगमता को बढ़ावा देने का प्रस्ताव करता है।
भाषा हक माधव रंजन
रंजन

Facebook


