मांड्या (कर्नाटक), 30 जुलाई (भाषा) कन्नड़ कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को मांड्या में कावेरी जल विनियमन समिति (सीडब्ल्यूआरसी) के उस आदेश के खिलाफ अपना विरोध-प्रदर्शन तेज कर दिया, जिसमें कर्नाटक को पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के लिए 15 दिनों तक रोजाना कावेरी नदी का 3,500 क्यूसेक पानी छोड़ने को कहा गया है।
विरोध-प्रदर्शन के दौरान, प्रदर्शनकारियों ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ के पोस्टर फाड़ दिए।
प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से अपील की कि वह दबाव में न आए और तमिलनाडु के लिए कावेरी का पानी न छोड़े।
कार्यकर्ताओं ने ‘गुरुश्री सिनेमा’ को घेर लिया, जहां ‘जन नायकन’ दिखाई जा रही थी। उन्होंने प्रबंधन से बातचीत की और फिल्म की स्क्रीनिंग रोकने की मांग की। इसके बाद प्रबंधन स्क्रीनिंग रद्द करने पर सहमत हो गया।
प्रदर्शनकारियों ने थिएटर के बाहर फिल्म के पोस्टर फाड़ दिए और सीडब्ल्यूआरसी के आदेश के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने उपायुक्त के जरिए कर्नाटक सरकार को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें पड़ोसी राज्य को कावेरी का पानी न छोड़ने की अपील की गई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पीने के पानी की उपलब्धता को लेकर चिंताओं के कारण कर्नाटक कावेरी का ‘‘एक बूंद’’ पानी भी नहीं दे सकता और चेतावनी दी कि अगर राज्य सरकार तमिलनाडु के लिए पानी छोड़ने का फैसला करती है तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
भाषा शफीक नरेश
नरेश