मतदाता सूची में ‘बांग्लादेशियों, पाकिस्तानियों’ के नाम न जोड़ने पर अधिकारी से मारपीट: कर्नाटक भाजपा

Ads

मतदाता सूची में ‘बांग्लादेशियों, पाकिस्तानियों’ के नाम न जोड़ने पर अधिकारी से मारपीट: कर्नाटक भाजपा

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 02:20 PM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 02:20 PM IST

बेंगलुरु, 30 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक वरिष्ठ नेता ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि कर्नाटक के पुलकेशी नगर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में लगे एक सरकारी अधिकारी से करीब आठ लोगों के समूह ने बर्बरतापूर्वक मारपीट की।

नेता के अनुसार, अधिकारी को ‘‘बांग्लादेशियों और पाकिस्तानियों’’ के नाम मतदाता सूची में शामिल करने से इनकार करने पर पीटा गया।

भाजपा की बेंगलुरु उत्तर इकाई के अध्यक्ष और पूर्व उपमहापौर एस. हरीश ने अधिकारियों में खौफ का माहौल होने का आरोप लगाते हुए कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खरगे के इस्तीफे की मांग की है।

हरीश ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि पुलकेशी नगर निर्वाचन क्षेत्र के 10 मतदान केंद्रों पर पुनरीक्षण कार्य की देखरेख कर रहे अधीक्षक स्तर के अधिकारी फकीरप्पा इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि हालांकि पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन हमले में शामिल कई अन्य आरोपियों को पकड़ा जाना अभी बाकी है।

हरीश ने कहा, ‘फकीरप्पा को सड़क पर घसीटकर बेरहमी से पीटा गया। करीब सात-आठ लोगों ने उन पर हमला कर दिया क्योंकि जब वे बांग्लादेशियों और पाकिस्तानियों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने का दबाव उन पर बना रहे थे, तो उन्होंने यह कहते हुए इनकार कर दिया कि ‘वे घुसपैठिये हैं और बिना वैध दस्तावेजों के उनका नाम सूची में नहीं जोड़ा जा सकता।”

उन्होंने बताया कि अधिकारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भाजपा नेता ने इस पूरी घटना को दबाने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया।

भाषा सुमित सिम्मी

सिम्मी