कर्नाटक: भाजपा ने विधान परिषद चुनावों के दौरान ‘क्रॉस-वोटिंग’ की जांच के लिए समिति का गठन किया

Ads

कर्नाटक: भाजपा ने विधान परिषद चुनावों के दौरान ‘क्रॉस-वोटिंग’ की जांच के लिए समिति का गठन किया

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 08:37 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 08:37 PM IST

बेंगलुरु, 19 जून (भाषा) कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विधान परिषद चुनाव में पार्टी के विधायकों के सत्तारूढ़ कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में ‘क्रॉस-वोटिंग’ की जांच के लिए शुक्रवार को तीन सदस्यीय समिति का गठन किया।

बृहस्पतिवार को विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनावों में कांग्रेस के पांच उम्मीदवारों थिपन्नप्पा कामकनूर, पी वी मोहन, बी के हरिप्रसाद (पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष), शिवन्ना बी एस और विनय कार्तिक प्रकाश विजयी हुए। भाजपा के दो उम्मीदवार लिंगराज पाटिल और रघु आर भी चुनाव जीत गए। जनता दल (सेक्युलर) के उम्मीदवार गोविंदराजू को हार का सामना करना पड़ा।

सूत्रों के मुताबिक विपक्ष के कुछ विधायकों ने कार्तिक प्रकाश के पक्ष में ‘क्रॉस-वोटिंग’ की।

पार्टी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि यह बात सामने आई है कि विधान परिषद चुनाव में ‘क्रॉस वोटिंग’ हुई थी। पार्टी द्वारा गठित समिति में विधान परिषद सदस्य सी टी रवि, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एन महेश और विधायक महेश टेंगिनकायी शामिल हैं।

पार्टी उम्मीदवार के बजाय कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में ‘क्रॉस वोटिंग’ करने वालों को लेकर अटकलों के बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने कहा कि कुछ भाजपा विधायकों को पार्टी से गद्दारी करने वाला बताकर उनकी छवि खराब करने के लिए कांग्रेस अफवाहें फैला रही है।

शिकारीपुरा से विधायक विजयेंद्र ने कहा, ‘‘कभी बसवराज, कभी चंद्रू लामाणी, तो कभी कृष्णा नायक का नाम उछाला जा रहा है। इस तरह अलग-अलग नाम सामने लाकर कांग्रेस के नेता शरारत करने और भाजपा के भीतर कलह पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी तीन सदस्यीय समिति की घोषणा कर चुकी है। तीन-चार दिनों के भीतर पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी।’’

भाजपा सूत्रों के अनुसार, पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने ‘क्रॉस वोटिंग’ के मामले को गंभीरता से लिया है। इस संबंध में राज्य के नेताओं को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राधा मोहन दास अग्रवाल के साथ 23 जून को तलब किया गया है।

कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में कथित तौर पर ‘क्रॉस वोटिंग’ करने वाले विधायकों में शामिल भाजपा विधायक ब्यारती बसवराज ने कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर अशोक से उनके आवास पर मुलाकात की।

भाषा आशीष संतोष

संतोष