कर्नाटक भाजपा ने विधायक पर अंडे से हमले के विरोध में विधान सौध में प्रदर्शन किया
कर्नाटक भाजपा ने विधायक पर अंडे से हमले के विरोध में विधान सौध में प्रदर्शन किया
बेंगलुरु, 23 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई ने 22 जुलाई को कांग्रेस कार्यालय के पास हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्टी विधायक बी. पी. हरीश पर कथित रूप से अंडे फेंके जाने के विरोध में बृहस्पतिवार को यहां विधान सौध परिसर में प्रदर्शन किया।
हाथों में तख्तियां और पोस्टर लिए भाजपा के विधायक और पदाधिकारी महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास एकत्र हुए और ‘‘गुंडागर्दी’’ की निंदा करते हुए नारेबाजी की।
विधान परिषद में विपक्ष के नेता चलावाडी नारायणस्वामी ने राज्य सरकार को ‘गुंडा सरकार’ करार देते हुए आरोप लगाया कि वह मौजूदा विधायक पर अंडे से हमले की एक नयी मिसाल कायम कर रही है।
नारायणस्वामी ने आरोप लगाया, ‘एक ‘गुंडा सरकार’ के इशारे पर एक राष्ट्रीय पार्टी के विधायक पर अंडे से हमला किया गया। कांग्रेस ने राज्य में इसी संस्कृति की शुरुआत की है। हम इस मुद्दे को राज्य की जनता के बीच लेकर जाएंगे।’
प्रदर्शन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक, विधानसभा और विधान परिषद के सदस्यों, पूर्व मंत्रियों, सांसदों और पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
यह विरोध प्रदर्शन क्वींस मार्ग स्थित कांग्रेस के राज्य मुख्यालय के पास आयोजित किया गया था। इससे पहले शहर में भाजपा मुख्यालय के पास कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन किया था। कांग्रेस के उस प्रदर्शन के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने कथित तौर पर विधायक हरीश पर अंडे फेंके थे।
कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नीट प्रश्नपत्र लीक रोकने में विफल रहने की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उनके इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा कार्यालय के पास प्रदर्शन किया था।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव

Facebook


