दावणगेरे (कर्नाटक), 13 मई (भाषा) स्वयंबू ‘बाबा’ वचनानंद स्वामी पर एक नाबालिग लड़के के माता-पिता द्वारा उनके बेटे को परेशान करने और उसका यौन शोषण करने का आरोप लगाए जाने के बाद यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि लड़के के माता-पिता ने पिछले सप्ताह गडग जिले के लक्ष्मेश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज की थी।
हालांकि, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि चूंकि यह घटना कथित तौर पर उस समय हुई जब 14 वर्षीय लड़का ‘वीरशैव लिंगायत पंचमसाली गुरुपीठ’ द्वारा संचालित छात्रावास में पढ़ रहा था और वहां रह रहा था, इसलिए इस मामले को हाल ही में दावणगेरे जिले के हरिहारा ग्रामीण थाने में स्थानांतरित कर दिया गया है।
पिछले महीने न्यासियों के बहुमत के फैसले के बाद बाबा को पीठ (धार्मिक पद) से निष्कासित कर दिया गया था।
अधिकारी के अनुसार, लड़के के माता-पिता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उनका बेटा 2021 से 2024 के बीच मठ में पढ़ाई कर रहा था। आरोप है कि ‘बाबा’ ने उसे परेशान किया और उसका यौन शोषण किया गया तथा उससे अपनी मालिश करवाई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि ‘बाबा’ ने लड़के को घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
उन्होंने कहा, ‘शिकायतकर्ता और लड़के के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। लड़के की चिकित्सा जांच की जा रही है। सभी आरोपों की विस्तृत जांच जारी है।’
भाषा
शुभम नरेश
नरेश