बेंगलुरु, नौ मार्च (भाषा) कर्नाटक में कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसकी स्क्रीनिंग कमेटी ने आगामी चुनावों के लिए अधिकांश विधानसभा सीट के लिए उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दे दिया है और जल्द ही इसे मंजूरी के लिए पार्टी आलाकमान को भेजा जाएगा।
पार्टी ने यह भी कहा कि चुनाव आयोग द्वारा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद सूची जारी की जाएगी।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा, “हमारी ‘स्क्रीनिंग कमेटी’ ने उम्मीदवारों के सभी आवेदनों की समीक्षा की। ‘स्क्रीनिंग कमेटी’ की राय अंतिम समीक्षा के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की केंद्रीय चुनाव समिति को भेजी जाएगी।”
उन्होंने कहा कि स्क्रीनिंग कमेटी ने समाज के हर वर्ग को न्याय देने की पूरी कोशिश की है।
भाषा जितेंद्र संतोष
संतोष