कर्नाटक : कोप्पल जिले में स्कूली छात्र ने पिता और बहन की चाकू मारकर हत्या की, मां घायल
कर्नाटक : कोप्पल जिले में स्कूली छात्र ने पिता और बहन की चाकू मारकर हत्या की, मां घायल
कोप्पल, आठ जून (भाषा) कर्नाटक के कोप्पल जिले में 12वीं कक्षा के एक छात्र ने कथित तौर पर अपने पिता और बड़ी बहन की चाकू मारकर हत्या कर दी और अपनी मां को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसके बाद उसने अपनी गर्दन काट ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार रात गंगावती तालुक के होसा अयोध्या गांव में हुई।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान पेशे से रसोइया वेंकटनायडू (45) और उनकी बेटी प्रगति (19) के रूप में हुई है।
वेंकटनायडू की पत्नी सौजन्या गंभीर रूप से घायल हो गई हैं और उनका इलाज बल्लारी के एक अस्पताल में चल रहा है।
घटना के पीछे का सटीक मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि, पुलिस उन आरोपों की भी जांच कर रही है कि छात्र के माता-पिता ने उसके अत्यधिक ऑनलाइन गेम खेलने पर आपत्ति जताई थी, जिसके कारण संभवतः उसने यह हमला किया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात खाना खाने के बाद, वेंकटनायडू, उनकी पत्नी और बेटी अपने घर के एक कमरे में सो रहे थे, जबकि वेंकटनायडू के माता-पिता दूसरे कमरे में सो रहे थे।
रात करीब 10.30 बजे, वेंकटनायडू के पिता ने उस कमरे से चीखने की आवाजें सुनीं जहां परिवार के सदस्य सो रहे थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अंदर से कोई जवाब न मिलने पर, उन्होंने पड़ोसियों के साथ मिलकर दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। उन्होंने वेंकटनायडू, सौजन्या और प्रगति को खून से लथपथ पाया।
उन्होंने बताया कि प्रगति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वेंकटनायडू को अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में चोटों के कारण उनकी भी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि नाबालिग लड़के ने कथित तौर पर अपने पिता, माता और बहन पर चाकू से हमला किया था। हमले के बाद, उसने कथित तौर पर उसी चाकू से अपनी गर्दन भी काट ली।
लड़का और उसकी घायल मां का फिलहाल बल्लारी के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में गंगावती ग्रामीण पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक राम एल अरसिद्धि ने कहा कि घटना के पीछे का मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है।
एसपी ने कहा, ‘अभी तक सही मकसद का पता नहीं चला है। जांच जारी है।’
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


