कर्नाटक उच्च न्यायालय का पूर्व मुख्मंत्री येदियुरप्पा और अन्य को भ्रष्टाचार के मामले में नोटिस

Ads

कर्नाटक उच्च न्यायालय का पूर्व मुख्मंत्री येदियुरप्पा और अन्य को भ्रष्टाचार के मामले में नोटिस

  •  
  • Publish Date - August 5, 2021 / 05:48 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:03 PM IST

बेंगलुरु, पांच अगस्त (भाषा) कर्नाटक उच्च न्यायालय ने पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा और उनके बेटे तथा भाजपा राज्य इकाई के उपाध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र समेत अन्य को नोटिस जारी कर एक आवास योजना में कथित भ्रष्टाचार के मामले में 17 अगस्त को पेश होने का निर्देश दिया है।

सामाजिक कार्यकर्ता टी जे अब्राहम की एक याचिका पर इन सभी को नोटिस जारी किये गये हैं। इस याचिका में अतिरिक्त शहर दीवानी एवं सत्र न्यायाधीश के एक आदेश को चुनौती देते हुये इसे निरस्त करने का अनुरोध किया गया है।

सत्र न्यायाधीश ने येदियुरप्पा (तत्कालीन मुख्यमंत्री) और पूर्व मंत्री एस टी सोमशेखर पर मुकदमा चलाने के लिए सक्षम प्राधिकार से स्वीकृति के अभाव में उनकी याचिका खारिज कर दी थी।

इस फैसले को चुनौती देते हुए अब्राहम ने उच्च न्यायालय में अपील दायर की है। अब्राहम ने आरोप लगाया कि येदियुरप्पा और उनके बेटे तथा रिश्तेदारों समेत अन्य को बेंगलुरु विकास प्राधिकरण की एक रूकी हुई आवास परियोजना को शुरू करने के लिए एक ठेकेदार की तरफ से रिश्वत मिली। कांग्रेस ने इस मामले को कर्नाटक विधानसभा में 2020 में उठाया था।

हालांकि, येदियुरप्पा और उनके बेटे ने इन आरोपों से इनकार किया है।

भाषा

स्नेहा अनूप

अनूप